अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब सरकार 13,000 अति आधुनिक ग्रामीण खेल मैदान बनाने जा रही है। पहले चरण में गांवों में तीन हजार खेल मैदानों के निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। इससे उभरते खिलाड़ियों को मंच मिलेगा और साथ ही उनको खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।
यहां से चुने गए खिलाड़ियों को ही आगे राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं और ओलंपिक के लिए तैयार किया जाएगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि खेल बुनियादी ढांचे के विकास और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए इससे पहले कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए थे, लेकिन आप सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया है।
पंजाब के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान बनने से खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं को नशे की बुराई से दूर रखने में मदद मिलेगी। खेल मैदानों के शुरू होने के बाद युवाओं को नशे की लत से बाहर निकालने में मदद मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों की प्रशिक्षण के लिए कोच के रूप में नियुक्ति की जाएगी।