चंडीगढ़। पंजाब सरकार द्वारा राज्य के 1240 मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को मुख्य आंगनबाड़ी केंद्रों में अपग्रेड किया गया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि राज्य में कुल 27 हजार 314 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 1240 आंगनबाड़ी केंद्र बतौर मिनी आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में चल रहे थे। इनमें एक कर्मी काम कर रहा था, जिसे प्रति माह 3500 रुपये मान भत्ता दिया जाता था। मंत्री ने बताया कि इस प्रयास से 1240 महिलाओं को रोजगार मिलेगा।पंजाब सरकार ने आंगनबाड़ी वर्कर यूनियन की पिछले लंबे समय से चल रही मांग पर विचार करते हुए इन केंद्रों को मुख्य आंगनबाड़ी केंद्रों में तबदील करने की मंजूरी जारी की थी। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा दी गई मंजूरी के बाद ही केंद्र सरकार की तरफ से भी इस संबंध में मंजूरी जारी की गई थी। इससे अब मिनी आंगनबाड़ी वर्कर का प्रति माह मान भत्ता 3500 से बढ़कर 4500 रुपये हो जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में वर्करों व हेल्परों को मान भत्ता केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार दिया जाता है और पंजाब सरकार द्वारा अलग से भी मान भत्ता दिया जाता है। इससे अब 1240 आंगनबाड़ी हेल्परों के पद भी सृजित हुए हैं और इनकी भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। आंगनबाड़ी हेल्पर का मान भत्ता 2250 रुपये प्रति माह होगा। भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले तय मान भत्ते के अलावा राज्य सरकार द्वारा आंगनबाड़ी वर्कर को 5000 और हेल्पर को 3100 रुपये प्रति माह दिया जाता है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी वर्कर को 500 और हेल्पर को 250 रुपए जनवरी में सालाना वृद्धि दी जाती है।