चंडीगढ़। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार बुजुर्गों के लिए राज्य स्तरीय अभियान हमारे बुजुर्ग, हमारा मान अभियान की शुरुआत करने जा रही है। 16 जनवरी से मोहाली जिले से यह अभियान शुरू होगा जिसके तहत कैंप लगाकर बुजुर्गों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं, मोतियाबिंद सर्जरी व कान-नाक-गले से संबंधित बीमारियों की जांच की जाएगी। साथ ही योग सत्र, कानूनी जागरूकता और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। डॉ. बलजीत कौर वीरवार को प्रेसवार्ता को संबोधित कर रही थी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में भी हमारे बुजुर्ग, हमारा मान अभियान चलाया गया था और वर्ष 2026 में भी यह अभियान पूरे राज्य में जिला स्तरीय शिविरों के माध्यम से चलाया जाएगा। बुजुर्गों के लिए राज्य सरकार की कार्य योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 786.83 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे जिसके तहत निशुल्क मेडिकल कैंप, एनसीडी एवं डिमेंशिया स्क्रीनिंग, जेरियाट्रिक केयरगिवर्स का प्रशिक्षण और राज्यस्तरीय मीडिया और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
इनके अतिरिक्त बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान के लिए निशुल्क हेल्पलाइन नंबर 14567 भी संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा बुजुर्गों की भलाई, ओल्ड एज होम्स, डे-केयर सेंटरों और अन्य संबंधित गतिविधियों के लिए 24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य के 14 जिलों में स्थित ओल्ड एज होम्स के लिए 6.82 करोड़ रुपये की ग्रांट प्रदान की जाएगी जबकि बरनाला और मानसा में संचालित डे-केयर सेंटरों को 2.5 लाख रुपये प्रति केंद्र की वित्तीय सहायता दी जाएगी। साथ ही जिला मानसा में 72 बिस्तरों की क्षमता वाले सरकारी वृद्धाश्रम का उद्घाटन 10 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा किया जाएगा।