चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि पंजाब के सरकारी स्कूल अब प्राइवेट स्कूलों से कहीं बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि एक समय पंजाब में सरकारी स्कूल जर्जर इमारतों, टूटे फर्नीचर और सीमित सुविधाओं के लिए पहचाने जाते थे लेकिन अब इनकी तस्वीर पूरी तरह बदल गई है।
केजरीवाल ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ अत्याधुनिक लैब, स्मार्ट बोर्ड, स्वीमिंग पूल और बेहतर प्ले ग्राउंड जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। ये स्कूल नामी प्राइवेट स्कूलों को भी मात दे रहे हैं। यहां अमीर-गरीब हर तबके के बच्चों को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी सरकार के शिक्षा मॉडल ने पंजाब में सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदल दी है। केजरीवाल ने लुधियाना, संगरूर और नवांशहर के तीन सरकारी स्कूलों का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसे हजारों स्कूल बनाए गए हैं जिन्हें देखकर लोगों को विश्वास नहीं होगा कि ये सरकारी स्कूल हैं। ये देश के अच्छे प्राइवेट स्कूलों को भी मात दे रहे हैं।