चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 1 मार्च को चंडीगढ़ में पंजाब राजभवन का घेराव किया जाएगा। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने दी।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा रसोई गैस, डीजल व पेट्रोल समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में की जा रही वृद्धि के खिलाफ पार्टी द्वारा केंद्र सरकार तक लोगों की आवाज पहुंचाने के लिए रोष प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी आगे भी मोदी सरकार के खिलाफ इस तरह के रोष प्रदर्शन करती रहेगी ताकि केंद्र सरकार को महंगाई को काबू में करने के लिए मजबूर किया जा सके।
जाखड़ ने बताया कि रसोई गैस की कीमतों में 25 रुपये की वृद्धि कर दी गई है, जबकि पिछले 1 महीने में ही सिलेंडर की कीमत में 100 से ज्यादा की वृद्धि की जा चुकी है। डीजल व पेट्रोल की कीमत लगभग रोजाना ही बढ़ रही है। यह तब हो रहा है जब मनमोहन सरकार के समय के मुकाबले देश को विदेशों से कच्चा तेल लगभग आधी कीमत पर मिल रहा है, जबकि मोदी सरकार लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालकर उन्हें लूट रही है। केंद्र सरकार ने आम लोगों को पूरी तरह से भुला दिया है और यह सरकार सिर्फ कुछ कॉरपोरेट की सरकार बन कर काम कर रही है।