कालका, रायपुररानी, रामगढ़ और चंडीमंदिर में बूथों पर उमड़े अभिभावक, छूटे बच्चों तक घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका/रामगढ़/रायपुररानी/चंडीमंदिर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिलेभर में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई। अभियान के दौरान हजारों बच्चों को पोलियो की दो बूंदें दी गईं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच सके, उन्हें अगले दो दिनों में घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।
रामगढ़ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोट में अभियान का शुभारंभ उपायुक्त सतपाल शर्मा ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. हरपिंदर कौर ने बताया कि केंद्र का लक्ष्य 4,400 बच्चों तक दवा पहुंचाना है। पहले दिन 3,013 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। उन्होंने बताया कि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे बच्चों को कवर करेंगी।
कालका में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के तहत सब डिविजनल अस्पताल के अंतर्गत विभिन्न बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई। कालका बस स्टैंड, काली माता मंदिर, रेलवे स्टेशन, सरकारी अस्पताल, हिमाचल बैरियर, टिब्बी मोहल्ला, अप्पर मोहल्ला और परेड मोहल्ला सहित कई स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बच्चों को पोलियो की खुराक दी। सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजीव नरवाल के नेतृत्व में अभियान संचालित किया गया।
रायपुररानी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत 40 टीमों ने क्षेत्र के विभिन्न पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाई। अभियान के पहले दिन कुल 2,417 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। प्रवर चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव गोयल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सभी पात्र बच्चों तक पोलियो से सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
वहीं चंडीमंदिर की महादेव कॉलोनी स्थित नगर खेड़ा में लगाए गए विशेष पोलियो बूथ पर सूरजपुर डिस्पेंसरी की स्वास्थ्य टीम ने करीब 150 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों को नियमित टीकाकरण और पोलियो उन्मूलन के प्रति भी जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।