फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचकूलाः हरियाणा सीएम ने दी 93.29 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, यहां जानिए कौन-कौन सी

Thu, 22 Aug 2019 12:11 PM IST
पंचकुला ब्‍यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पंचकूला
विज्ञापन
हरियाणा सीएम खट्टर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बुधवार को शहरवासियों को पब्लिक शेयरिंग साइकिल समेत 93.29 करोड़ रुपये की नौ विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने सेक्टर-1 स्थित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर में 13.44 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित संस्थागत खेल परिसर भवन का उद्घाटन किया। इस भवन का निर्माण 5330.50 वर्ग मीटर क्षेत्र में किया गया है और यह पूरी तरह वातानुकूलित है। इस भवन में लिफ्ट, सम्मेलन कक्ष, लाइब्रेरी तथा कैंटीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने महानिदेशक कारागार मुख्यालय के विस्तार भवन का उद्घाटन भी किया। 315.53 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने इस विस्तार भवन पर 304.28 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है।
विज्ञापन


शहर की सड़कों पर दौड़ी पब्लिक शेयरिंग साइकिल
मुख्यमंत्री ने पंचकूला में पब्लिक साइकिल शेयरिंग प्रणाली का भी उद्घाटन किया। इस कार्य पर निगम द्वारा 2.09 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है और इस सुविधा के माध्यम से नागरिक मामूली शुल्क पर साइक्लिंग कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने जैसे ही प्रोजेक्ट को लांच किया लोग साइकिल लेकर सड़क पर दौड़ाते नजर आए। मुख्यमंत्री ने जसवंतगढ़ संपर्क सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। इस सड़क के निर्माण पर 634.91 लाख रुपये की राशि खर्च होगी और जसवंतगढ़ व आसपास के आठ गांवों के 10,500 से अधिक लोग लाभान्वित होंगे। लगभग तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क को 18 फुट चौड़ा बनाया जाएगा। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह मार्ग से टोका खटौली खंड की सड़क को चौड़ा व मजबूत करने के कार्य का शिलान्यास भी किया। इस सड़क पर 896.16 लाख रुपये की राशि खर्च होगी और यह सड़क बनने से लगभग 12 गांवों के 21 हजार से अधिक लोग लाभान्वित होंगे।

 
विज्ञापन

निगम कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का हुआ शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने नगर निगम के कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह भवन सेक्टर-3 में 2.09 एकड़ क्षेत्र में 4500.43 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगी। यह भवन सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त होगा। यह बेसमेंट सहित चार मंजिला होगी। उन्होंने सेक्टर-21 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा बनाये जाने वाले सामुदायिक केंद्र का भी शिलान्यास किया। यह सामुदायिक केंद्र 1.50 एकड़ क्षेत्र में 547.29 लाख रुपये की राशि से बनाया जाएगा।

सेक्टर-24 की बदल जाएगी नुहार
मुख्यमंत्री ने सेक्टर-24 में 18 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले भव्य पार्क का शिलान्यास भी किया। इस पार्क के निर्माण से घग्गर पार के सेक्टरों की नुहार बदल जाएगी। इस पार्क के निर्माण पर 8.80 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कालका क्षेत्र के 47 गांवों के दुग्ध उत्पादक किसानों के लिए मिल्क यूनियन अंबाला द्वारा स्थापित किए जा रहे मिल्क चिलिंग सेंटर के कार्य का शिलान्यास भी किया। इस केंद्र के निर्माण पर 1 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी और इस केंद्र में प्रतिदिन 20,000 लीटर दूध की प्रसंस्करण की क्षमता होगी।

इस अवसर पर सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर, विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, विकास एवं पंचायत विभाग के प्रधान सचिव सुधीर राजपाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव वी उमा शंकर, उप अतिरिक्त प्रधान सचिव आसीमा बराड़, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव केवी एसएन प्रसाद, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव आनंद मोहन शरण, पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह, पंचकूला उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा, पुलिस उपायुक्त दीपक गहलावत, जिला परिषद की चेयरपर्सन रितु सिंगला, अतिरिक्त उपायुक्त उत्तम सिंह, एसडीएम ममता शर्मा, डीएफएससी मेघना कंवर, भाजपा के जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, जिला महामंत्री हरेंद्र मलिक, शिवालिक विकास बोर्ड के सदस्य श्यामलाल बंसल, भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलभूषण गोयल उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें