हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पीएस राहुल गौड़ कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यह जानकारी मिलने के बाद दुष्यंत ने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। इसके साथ ही चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर मौजूद पूरे स्टाफ के टेस्ट करवाए जा रहे हैं। आवास को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सैनिटाइज भी करवाया गया है।
वहीं चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित नए सचिवालय में भी कोरोना की चपेट में एनआईसी में कार्यरत एक कर्मचारी भी आ गया है। यह जानकारी मिलने के बाद आज करीब 60 कर्मचारियों की टेस्टिंग की गई है, जिनकी रिपोर्ट शुक्रवार तक आएगी। वहीं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। जिसके बाद विज के परिजनों ने राहत की सांस ली है।
विज और उनके परिवार की रिपोर्ट निगेटिव
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के परिजनों और उनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। एक दिन पहले उनकी भतीजी, भतीजी की बेटी और विज का दामाद पॉजिटिव आए थे। जिसके बाद विज सहित पूरे परिवार का टेस्ट हुआ था। गुरुवार को विज सहित सभी अन्य सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
अधिकांश मंत्री कोरोना और सीरो टेस्ट पहले ही करवा चुके हैं। जहां भी केस आता है तो पूरे स्टाफ का टेस्ट करवा देते हैं। डिप्टी सीएम के स्टाफ का भी टेस्ट करवाया जा रहा है। - राजीव अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य