अपनी मांगों को लेकर विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते एचएसवीपी कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी और कर्म
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। अतिक्रमण हटाने के मामले में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के इस्टेट ऑफिसर आशुतोष राजन समेत चार अन्य अधिकारियों के तबादले को लेकर प्राधिकरण के यूनियन पदाधिकारियों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। सैकड़ों कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने स्थानीय विधायक ज्ञानचंद गुप्ता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुर्दाबाद के नारे लगाए। यूनियन पदाधिकारियों ने विधायक को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है कि यदि उन्होंने अपनी शिकायत वापस लेकर तबादले का आदेश वापस न करवाया तो 9 अगस्त को वह उनके आवास का घेराव करेंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के आगमन को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण के अधिकारियों ने सेक्टर-5 में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने शिरडी समाज के साईं शेड को भी तोड़ दिया था। इस मामले को लेकर स्थानीय विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। इस पर कार्रवाई करते हुए ईओ आशुतोष राजन समेत तीन अन्य अधिकारियों का तबादला कर दिया गया था।
एचएसवीपी कर्मचारी यूनियन के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सेक्टर-8 के वाटर वर्क्स पार्क में एकत्रित हुए। यूनियन के सर्कल प्रधान रवि सिंह, कृष्ण धीमान ने बताया कि विधायक ने ईओ और तीन कर्मचारियों को बिना किसी गलती के ट्रांसफर करवा दिया है। वह 26 जुलाई को फील्ड होस्टल में विधायक से मिले थे। विधायक ने एक सप्ताह में ट्रांसफर आदेश रद्द करवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित समय पूरा होने के बाद भी आदेश वापस नहीं हुए। अब उन्हें आवास पर पहुंचकर 8 अगस्त तक का समय दिया गया कि वह तुगलकी ट्रांसफर आदेश रद्द करवाएं। यदि इसके बाद भी आदेश वापस न हुए तो 9 अगस्त को वह सड़क पर उतरेंगे और शांतिपूर्वक विधायक के आवास का घेराव करेंगे।