बरवाला। अनाज व सब्जी मंडी के गेट के सामने बाहर सड़क पर जमा संरक्षित पशु लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। आढ़ती जमुनादास, मौनू, जय किशन, अक्षय राणा, किसान तरसेम सिंह, हरप्रीत, रविंदर, नराता राम, अवतार सिंह व अन्य ने बताया कि मंडी के सामने जमा संरक्षित पशु कई बार मंडी में घुस जाते हैं। मंडी में पड़ी किसानों की फसलों व सब्जियों को खाकर नुकसान पहुंचाते हैं। ये पशु कई लोगों को हमला कर घायल भी कर चुके हैं। कई बार संरक्षित पशु सड़क पर अचानक वाहन चालकों के आगे आ जाते हैं जिससे वाहन चालक इसे टकराकर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। लोगों ने कहा कि वे कई बार प्रशासन से समस्या को हल करने की गुहार लगा चुके हैं लेकिन किसी ने भी आज तक इस समस्या का समाधान करने की जहमत नहीं उठाई। इसके चलते यह समस्या दिन पर दिन विकराल रूप धारण करती जा रही है।