चंडीगढ़। पंजाब के एजुकेशन ट्रस्टियों पर दूसरे दिन शुक्रवार को भी आयकर विभाग की टीम ने डेरा डाले रखा। इस दौरान जांच के दौरान टीम को एक करोड़ रुपये मिले हैं। एक दिन पहले भी आयकर विभाग की टीम ने एक करोड़ रुपये कब्जे में लिए थे। जांच में यह भी पता चला है कि ट्रस्टियों की प्रापर्टी विदेश में भी है। इसके साथ ही ट्रस्टियों ने काफी पैसे विदेशों में निवेश कर रखे हैं। चंडीगढ़ के आसपास भी बेनामी प्रापर्टी के कागजात मिले हैं। इन सभी कागजातों की जांच चल रही है।
आयकर विभाग को कुछ दिन पहले सूचना मिली थी कि पंजाब स्थित यूनिवर्सल एजुकेशन सोसाइटी और देश भगत मेमोरियल एजुकेशन के ट्रस्टी शिक्षण संस्थाओं से आने वाले पैसों का इस्तेमाल अपने निजी हित में कर रहे हैं। नियम के मुताबिक, ट्रस्ट का पैसा ट्रस्ट की गतिविधियों पर खर्च करना होता है। उसके बाद टीम ने जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद वीरवार को प्रधान आयकर निदेशक एलके अग्रवाल, एडिशनल डायरेक्टर अंकुर अल्यिा, डिप्टी डायरेक्टर जोतिंदर कौर बाजवा के नेतृत्व में टीमों ने मोहाली, चंडीगढ़ और बठिंडा के ठिकानों पर छापे मारे। लगातार दूसरे दिन छापे की प्रक्रिया जारी रही है। दोनों ट्रस्टों के पंजाब में शिक्षण संस्थान है।