अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पराली को बिना आग लगाए संभालने वाले किसानों हरि सिंह दौनकलां, गुरमुख सिंह चूहड़पुर, जोरा सिंह जाहलां, हर्ष सिंह ढींडसा दौनकलां और सरबजीत सिंह मुहबतपुर ने अन्य किसानों को आह्वान किया है कि वह भी पर्यावरण और जमीन को खराब होने से बचाने के लिए पराली को आग न लगाएं।
इन किसानों ने कहा कि उनके पास अपनी जमीन भी है और इसके साथ ही वे ठेके पर जमीन लेकर खेती भी करते हैं, लेकिन वे कभी पराली नहीं जलाते। पराली की संभाल करते हुए इन-सीटू तकनीक का इस्तेमाल करते हैं। इनका कहना है कि जमीन को उपजाऊ बनाए रखने और अच्छी फसल पाने के लिए पराली को मिट्टी में मिला देना चाहिए।
किसानों ने बताया कि वे पंजाब कृषि एवं किसान विकास विभाग के निर्देशों के अनुसार पराली और भूसा मिट्टी में मिलाते आ रहे हैं। सुपर सीडर से सीधे गेहूं बोते थे और अब नई तकनीक से उसकी गांठें बनाकर बिजली उत्पादन के लिए भेज रहे हैं। किसानों ने कहा कि किसी व्यक्ति की बीमारी का पता तुरंत चलता है, लेकिन जमीन और पर्यावरण की बीमारी का पता लंबे समय बाद चलता है तब तक बहुत नुकसान हो चुका होता है। इसलिए किसानों को पराली जलाना बंद कर देना चाहिए।
इस बीच सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त प्रशासन ईशा सिंघल ने आलोवाल गांव में प्रगतिशील किसानों से मुलाकात की और उनसे पराली न जलाने की अपील की और कहा कि प्रशासन उन्हें पराली प्रबंधन के लिए आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराएगा। एसडीएम पातड़ां अशोक कुमार और मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. जसविंदर सिंह ने भी खेतों का दौरा किया और किसानों से मुलाकात की। उन्होंने पराली प्रबंधन की इन-सीटू और एक्स-सीटू तकनीकों से उन्हें अवगत कराया और ऐसे तरीकों को अपनाने वालों की सराहना भी की।