पंचकूला। व्यापारियों की समस्याएं हल करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। हर तिमाही पर व्यापारियों के साथ बैठक होगी। व्यापार मंडल हर मार्केट में जाकर व्यापारियों से मुलाकात करेगा और उनकी समस्याओं को प्रशासन के पास जाकर उठाया जाएगा। यह बात पंचकूला व्यापार मंडल के नए अध्यक्ष अनिल थापर ने कही। सेक्टर-10 में रविवार को आयोजित पत्रकार सम्मेलन में अनिल थापर ने पंचकूला व्यापार मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारी का परिचय करवाया।
अध्यक्ष ने बताया कि नवनिर्मित पंचकूला व्यापार मंडल में गवर्निंग बाडी में बीबी सिंघल चेयरमैन, सतीश गुलाटी वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आरडी गुप्ता वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दीप कृष्ण चौहान उपाध्यक्ष, राजेश गुप्ता उपाध्यक्ष, रवि बंसल महासचिव, राज मित्तल संयुक्त सचिव, टिंकी गर्ग कोषाध्यक्ष और करण नरूला मीडिया सलाहकार नियुक्त किए गए हैं। कार्यकारिणी सदस्यों में राकेश गोयल, अमन गंभीर, अमित शर्मा, कृष्ण गोयल, विजय कुमार, ललित गोयल, महेश और अमित गोयल शामिल हैं।
थापर ने कहा कि व्यापारियों की पार्किंग की समस्या सबसे बड़ी है। इस समस्या के समाधान के लिए शहर में मल्टीलेवल पार्किंग बनवाने के लिए नगर निगम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को ज्ञापन दिए जाएंगे। व्यापारियों को कानूनी तौर पर किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए पुलिस उपायुक्त से भी मुलाकात की जाएगी। रात्रि के समय मार्केट में पुलिस की गश्त बढ़वाई जाएगी। शहर की सभी मार्केटों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाया जाएगा।