मोरनी। इलाके की 25 पंचायतों के लोगों को आपातकाल में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इलाज बेहतर मिल सके इसके लिए दो साल पहले मिली दो हाईटेक एंबुलेंस बदहाल होने लगी हैं। दोनों एंबुलेंस खराब होने के चलते एजेंसी में खड़ी हैं। इसमें से एक एंबुलेंस इंजन में खराबी के चलते सप्ताहभर के समय से एजेंसी में खड़ी है, जबकि दूसरी एंबुलेंस वीरवार को अचानक मोरनी मुख्य बाजार में खराब हो गई थी। दोनों एंबुलेंसों के एक ही समय में खराब होने पर मरीजों खासकर गर्भवती महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। हालांकि विभाग द्वारा एक वर्किंग एंबुलेंस को मोरनी स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया है।
यह मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक लाने और ले जाने का कार्य कर रही है। यहां के पहाड़ी इलाकों के रास्ते और यहां के घुमावदार रास्तों पर आपातकालीन स्थिति में चलने के लिए हाईटेक एंबुलेंस आवश्यक है। पिछले लगभग दो सालों से इलाके के लोगों को अपनी सेवाएं दे रही थी। जबियाल पंचायत के पूर्व सरपंच नरेश कौशिक, सरपंच खेम सिंह कोठी, विरेंद्र महमल, निर्मल पुरी, यक्ष कौशिक, सोहन लाल ने उच्चाधिकारियों से मांग कर तत्काल प्रभाव से दूसरी एंबुलेंस चलाने की मांग की है ताकि लोगों की परेशानियों को कम किया जा सके।
मोरनी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. नवजीत ने बताया कि हमारे पास एक एंबुलेंस डे टाईम और दो एंबुलेंस रात के समय उपलब्ध होती हैं। दो चार दिनों में हमारी दोनों एंबुलेंस ठीक होकर आ जाएंगी तो लोगों को दिन में भी पूरी सहूलियत मिलेगी।