पंचकूला। आमजन को सरकारी कार्य करवाने में परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए प्रदेश सरकार ने जिले में अटल सेवा केंद्र खोल रखे हैं। केंद्र में कार्यरत कर्मचारी लोगों से मनमर्जी के मुताबिक पैसे वसूल रहे हैं। आरोप है कि कर्मचारी आधार कार्ड में पता सही करवाने के लिए 250 रुपये तक मांग रहे हैं, जबकि सरकारी शुल्क मात्र 50 रुपये है।
यह आरोप खालसा यूथ क्लब के प्रधान सरदार विपिन प्रीत सिंह ने लगाया है। उन्होंने इसकी शिकायत उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा से भी की है। उन्होंने जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। खालसा यूथ क्लब के प्रधान विपिन प्रीत सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी के आधार कार्ड पर पता बदलवाने के लिए आधार सेंटर गए थे, जहां पर नोटिस में लिखा था कि सेंटर मई में खुलेगा। इसके बाद वह पत्नी के साथ माजरी चौक स्थित अटल सेवा केंद्र गए। उन्होंने आधार कार्ड पर पता बदलवाने का आग्रह किया। विपिन प्रीत सिंह ने बताया की इसकी सरकारी फीस मात्र 50 रुपये है, केंद्र वालों ने 250 रुपये मांगे।
उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो आधार कार्ड अपडेट करने से मना कर दिया गया। उन्होंने पता अपडेट का शुल्क 250 रुपये लेने के बारे में लिखित में देने के लिए कहा तो सेवा केंद्र का मालिक बौखला गया और इनकार करने लगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद वह सेक्टर -11 पंचकूला एचडीएफसी बैंक गए। जहां सिर्फ 50 रुपये देकर आधार कार्ड पर पते को अपडेट करवाया। उन्होंने अधिकारियों से इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।