चंडीगढ़। हरियाणा सरकार बिजली चोरों पर शिकंजा और कसेगी। प्रदेश भर से मिली शिकायतों के आधार पर एक और बड़े छापे की तैयारी है। ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह ने चेताया है कि सरकार को वित्तीय चपत लगाने वाले बिजली उपभोक्ता सुधर जाएं। बिजली चोरी किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में चल रहे छापों के दौरान अभी तक पकड़े गए करीब 13985 किलोवाट से अधिक बिजली चोरी के मामलों में लगभग 25.6 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की कुल 482 टीमों ने 29948 बिजली के कनेक्शन की जांच की। इस दौरान 6015 बिजली चोरी के मामले सामने आए। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण की 250 टीमों ने जोन-1 व जोन-2 में 17752 बिजली के कनेक्शन की जांच की। इनमें से 2660 बिजली चोरी के मामले पाए गए, जिससे 6177 किलोवाट बिजली चोरी पर 10.92 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया।
इसी प्रकार दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण की 232 टीमों ने दिल्ली और हिसार जोन में 12196 बिजली के कनेक्शन की जांच की, जिनमें से 3355 बिजली चोरी के मामले पाए गए। इससे 7808 किलोवाट बिजली चोरी पर 14.69 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया।
रणजीत सिंह ने कहा कि इसी साल फरवरी में भी दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने औद्योगिक और अन्य स्थानों पर छापे मारे थे। उस समय निगम की टीमों ने 4295 कनेक्शन चेक कर 1411 बिजली चोरों पकड़े थे। उन पर 5.59 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। बिजली मंत्री ने कहा कि राज्य के लोगों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाने के लिए बिजली चोरी रोकना आवश्यक है। इसके लिए विभाग के छापे निरंतर जारी रहेंगे।