पंचकूला। नारी शक्ति संगठन पंजाब द्वारा पहले फाउंडेशन दिवस पर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, अमर उजाला फाउंडेशन, महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी और ब्लड बैंक जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ के सहयोग से अस्पतालों में भर्ती जरूरतमंद मरीजों के लिए फर्नीचर मार्केट बलटाना में रक्तदान जागरूकता शिविर लगाया। इसमें 42 यूनिट रक्तदान किया गया। इसका उद्घाटन जीरकपुर के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस हरजिंदर सिंह गिल ने किया।
उन्होंने आह्वान किया कि सभी इस नेक कार्य में बढ़ चढ़कर भाग लें। एक स्वस्थ व्यक्ति का इंसानी, नैतिक और सामाजिक दायित्व बनता है कि वह स्वयं को रक्तदान के लिए तैयार रखें। हर स्वस्थ व्यक्ति को इसलिए भी रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। इस मौके पर 192 बार रक्तदान कर चुके रक्तदाता राजन रेखी ने भी रक्तदान किया। संगठन ने उनको स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
नारी शक्ति संगठन की प्रधान ममता राणा और श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान राकेश कुमार संगर ने बताया कि आजकल सभी अस्पतालों में रक्त एवं रक्त कंपोनेंट्स की बहुत कमी है। इस अवसर पर नारी शक्ति संगठन और श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र, स्मृति चिह्न और बैज देकर प्रोत्साहित किया।