पंचकूला। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद 17 मई से 4 जून के बीच ऑनलाइन ग्रीष्मकालीन शिविर-2021 का आयोजन करने जा रही है। इसके माध्यम से विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ बच्चों को ऑनलाइन प्रशिक्षण देंगे। सप्ताहांत में उन्हीं विषयों को लेकर बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। यह जानकारी परिषद के मानद महासचिव प्रवीण अत्री ने दी। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में पेंटिंग, एकल लोकगीत, एकल लोक नृत्य, एकल देशभक्ति गीत, ब्लॉग और अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चे ऑनलाइन अपनी प्रस्तुतियां परिषद द्वारा जारी पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगी।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की उपलब्धता से बच्चे विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से घर बैठे अपने प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ग्रीष्मकालीन शिविर-2021 में विशेषज्ञ बच्चों को कोविड-19 में सकारात्मक विचारों की जागरूकता, कोविड-19 वैक्सीन लगवाने की जागरूकता, कोरोना वॉरियर्स का सम्मान बढ़ाने वाले जागरूकता समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित करेंगे। प्रशिक्षण के बाद बच्चे विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान बच्चों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ-साथ शारीरिक रूप से मजबूती के लिए ऑनलाइन माध्यम के द्वारा ही सूर्य नमस्कार का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा और प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी।
स्लम बस्तियों में सेफ्टी किट वितरित करेगी परिषद
मानद महासचिव प्रवीण अत्री ने सभी मंडल बाल कल्याण अधिकारियों और जिला बाल कल्याण अधिकारियों की ऑनलाइन मीटिंग में सभी अधिकारियों से सुझाव लिए और सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि परिषद संकट की इस स्थिति के दौरान स्लम बस्तियों में सेफ्टी किट वितरित करेगी और लोगों को कोरोना महामारी से बचाव के लिए जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य बाल कल्याण के कार्य और गतिविधियों को प्रदेश के हर उस बच्चे तक पहुंचाना है, जिसमें प्रतिभा है लेकिन वह संसाधनों के अभाव में अपनी प्रतिभा नहीं दिखा पाता। उन्होंने अपील कर कहा कि सभी सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइड लाइन का पालन करें और जहां तक संभव हो अपने घरों में रहें।