चंडीगढ़। हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्यमंत्री संदीप सिंह ने रोहतक की पावर लिफ्टिंग खिलाड़ी सुनीता कश्यप को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है। उन्होंने कहा है कि सुविधाओं के अभाव में किसी भी खिलाड़ी का कॅरिअर खराब नहीं होने दिया जाएगा। ऐसे खिलाड़ियों को लेकर वे खुद गंभीर हैं, क्योंकि वे खुद इस दौर से गुजर चुके हैं।
खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह से उनके कार्यालय में मिलने के लिए सुनीता कश्यप पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि सुनीता ने विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए खुद को साबित किया है। ऐसे खिलाड़ियों की वे बहुत कद्र करते हैं। उन्होंने सुनीता कश्यप को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और साथ ही फोन पर जिला खेल अधिकारी रोहतक को निर्देश दिए कि सुनीता और इस तरह के अन्य खिलाड़ियों को खेल सुविधाओं का अभाव नहीं होना चाहिए।