पंचकूला। स्वास्थ्य विभाग पंचकूला की सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर ने रविवार को जिले में पोलियो अभियान की शुरुआत की है। इसमें 10407 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इसमें ग्रामीण क्षेत्र में 6467 और शहरी क्षेत्रों में 3940 बच्चों को खुराक पिलाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि यह अभियान जिले में 27 से 29 जून तक चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में रह रहे अभिभावक इस अभियान में शामिल होकर अपने बच्चों को पोलियो रोधी दवा समय पर दिलाएं, जिससे इस बीमारी से बचाव किया जा सके। इस अभियान के बारे में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मीनू शासन ने बताया कि जारी हिदायतों के अनुसार कोविड महामारी के संक्रमण की रोकथाम के लिए जिले में उच्च जोखिम क्षेत्रों में शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 20518 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएगी। इसमें ग्रामीण क्षेत्र में 13968 और शहरी क्षेत्र में 6550 बच्चों को यह दवा पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में 13 तय बूथ और 26 मोबाइल हेल्थ टीमों का गठन किया गया है।