दूसरे दिन भी सेक्टर-5 धरनास्थल पर आंदोलनकारियों ने की नारेजाबी, काम नहीं होने से लोगों को हुई परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। मांगों को लेकर प्रदेशभर से पहुंचे कंप्यूटर ऑपरेटरों ने दूसरे दिन मंगलवार को भी सेक्टर-5 धरनास्थल पर जमकर नारेबाजी की। हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के आह्वान पर आंदोलनकारी दोपहर बाद सीएम आवास का घेराव करने निकले तो उनको पुलिस ने रोक लिया। रोकने के बाद कंप्यूटर ऑपरेटरों ने अधिकारियों से मिलने की मांग की तो एडीसी वर्षा खांगवाल ने उनसे मुलाकात की। उन्होंने कंप्यूटर ऑपरेटरों के संदर्भ में प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजेश खुल्लर से बात की। आंदोलनकारियों की मांग पर एडीसी ने 14 दिसंबर को हरियाणा सरकार के प्रिंसिपल सेक्रेटरी से उनके आवास पर बातचीत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त किया। अब बुधवार से कंप्यूटर ऑपरेटर काम पर लौटेंगे।
मंगलवार को हड़ताल के दूसरे दिन पंचकूला और कालका सब डिवीजन के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हड़ताल जारी रहने के डीसी ऑफिस में स्थित कार्यालय में डीएल, आरसी और रजिस्ट्री का काम नहीं हो पाया है। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। लोगों ने कहा कि समय का समय देकर हड़ताल की है। इस कारण मंगलवार का दिन भी खराब हो गया है। इससे लोग परेशान रहे। सेक्टर-5 धरनास्थल पर बैठे ऑपरेटरों ने मांग की है कि सभी कंप्यूटर ऑपरेटरों को एचकेआरएनएल से हटाकर वापस डीआईटीएस में सम्मलित किया जाए। रेगुलाइजेशन की पॉलिसी या एक्ट में डीआईटीएस को भी शामिल किया जाए। डीआईटीएस के कर्मचारियों को प्रमोशन, वार्षिक बढ़ोत्तरी और डीए का लाभ दिया जाए। 58 वर्ष तक सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए। हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के राज्य प्रधान विजय सिंह ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर धरना दूसरे दिन भी जारी रखा। अब हमारी 14 दिसंबर को मीटिंग प्रिंसिपल सेक्रेटरी से होगी। इस मौके पर राज्य संयोजक राजेश गौतम, संगठन मंत्री हवा सिंह तंवर, दिनेश कुमार ,सुशील कुमार, राजीव सहारण, जितेंद्र कादयान, प्रेस प्रवक्ता राजेश श्योकंद, सागर सेठी, विनय शर्मा, अंजू बाला वार्तामंडल में शामिल रहे।
अभी तक नहीं हुआ कोई काम
हमने पंजाब की गाड़ी खरीदी है। उसकी एनओसी लेनी है।एनओसी के लिए स्पेशल छुट्टी लेकर आया था। काम नहीं होने के कारण परेशानी हुई है। सौरभ
गाड़ी की एनओसी नहीं मिली
गाड़ी की एनओसी की फाइल तैयार थी। आज के लिए समय मिला था। जब पंचकूला ऑफिस आए तो कोई काम नहीं हुआ। इसके लिए स्पेशल छुट्टी ली थी। अब इसके लिए दोबारा आना पड़ेगा। अभिलाषा
काम रुकने की कोई जानकारी नहीं दी
कंप्यूटर ऑपरेटर के हड़ताल की जानकारी नहीं दी गई है। गाड़ी का दूसरा नंबर लेना है। इसका काम कराने के लिए अब फिर से आना पड़ेगा। इससे समस्या हुई है। बृजभूषण
ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला
ड्राइविंग लाइसेंस बनने का मैसेज आ गया है। आज काउंटर बंद होने के बाद अब दोबारा चक्कर लगाना पड़ेगा। कंप्यूटर ऑपरेटर की हड़ताल से परेशानी हुई है। रामगोपाल शर्मा