संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नाकों पर पुलिस की टीमें लगातार जांच कर रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार दोपहर 2 से शाम 6.30 बजे के बीच साढ़े चार घंटे के दौरान पुलिस ने 10.78 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सभी रुपयों की चंडीमंदिर और रायपुररानी पुलिस ने थाने में लाकर गिनती की। इसमें शनिवार की दोपहर 2 बजे 1.95 लाख रुपये, शनिवार की शाम 5 बजे 6.30 लाख रुपये और शाम 6.30 बजे 2.53 लाख रुपये टीम ने अपने कब्जे में लिए। रामगढ़ पुलिस चौकी इंचार्ज पीएसआई अजय ने बताया कि शनिवार की दोपहर 12 बजे रामगढ़ पुलिस नाके से पंजाब की तरफ से होंडा सिटी कार गुजर रही थी।
कार को रोककर उसे चेक किया तो उसमें से 1.95 लाख रुपये मिले। कार चालक का नाम आकाश है जो कि सेक्टर 15 का रहने वाला है। आगे की कार्रवाई इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम कर रही है। इसी तरह शनिवार की शाम 5 बजे भी एक टेंपररी नंबर की गाड़ी से 6.30 लाख रुपये जब्त किए। पीएसआई अजय ने बताया कि शाम करीब 5 बजे पंजाब की ओर से टेंपररी किया कार रामगढ़ नाका के पास पहुंची तो उसे चेक किया गया। चेकिंग के दौरान ड्राइवर सीट के नीचे एक थैले में कुछ कैश मिला।
कार मालिक मंदीप से पूछा गया तो उसने पहले कमेटी का पैसा बताया लेकिन बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर बताया कि उसका ईंट भट्टा पंजाब में है। वहां से वह पैसा लेकर अमरावती अपने घर जा रहा था। नोटों की गड्डी में 500 के नोट थे। रायपुररानी पुलिस थाना एसएचओ सुखबीर सिंह ने बताया कि देर शाम करीब 6.30 बजे चंडीगढ़ नंबर की जीप कार मौली नाका से गुजर रही थी। उसकी चेकिंग की गई तो कार में रखे ब्रीफकेस में 2.53 लाख रुपए मिले। कार मालिक सेक्टर 9 निवासी सुरेंद्र गुप्ता से जब पैसों को लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उनका रायपुररानी में पोल्ट्री फार्म का बिजनेस है। वहां से वह पैसा लेकर अपने घर जा रहे थे।