संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने जगह-जगह लगाए नाकों से दो दिन में करीब 34.87 लाख रुपये बरामद किए हैं। मंगलवार शाम को रामगढ़ पुलिस नाके पर पुलिस की टीम ने चेकिंग की। इस दौरान तीन अलग-अलग गाड़ियों से 5.90 लाख रुपये नकद बरामद किए। शाम करीब 5 बजे गाड़ी को चेक करने पर उसमें से 3.50 लाख रुपये मिले। गाड़ी मालिक युरमित रामदेव ने बताया कि वह घूमने के लिए केरल गया था। वहां से वापस लेह लद्दाख जा रहा था।
रास्ते में खर्च के लिए उसने रुपये नकद रखे थे। उसके बाद रामगढ़ निवासी मलकीत सिंह अपनी गाड़ी से पंजाब की ओर से आ रहे थे। जांच करने पर उनकी गाड़ी से 70 हजार रुपये मिले। उसके बाद तीसरी गाड़ी को चेक करने पर पुलिस को 1.70 लाख रुपये मिले। गाड़ी मालिक ने बताया कि प्रॉपर्टी खरीद फरोख्त का रुपया उनके पास था। पुलिस ने तीनों लोगों से रुपया लेकर चंडीमंदिर थाने में जमा करवाया। आगामी कार्रवाई इनकम टैक्स विभाग की टीम कर रही है।