पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित तहिती रेस्टोरेंट मेें एसीपी सुरेंद्र सिंह ने छापा मारकर तीन हुक्के बरामद किए हैं। पुलिस ने मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात को एसीपी को गुप्त सूचना मिली थी कि तहिती रेस्टोरेंट के मैनेजर सौरव चैटर्जी की ओर से ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा है। अगर तुरंत रेड की जाए तो हुक्के बरामद हो सकते हैं। एसीपी रेस्टोरेंट के टॉप फ्लोर पर पहुंचे और छापामारी की। इस दौरान मैनेजर को काबू किया गया। मौके से तीन हुक्के जलते हुए मिले। पुलिस ने मैनेजर से हुक्का पिलाने का लाइसेंस या परमिट पेश करने को कहा लेकिन मैनेजर लाइसेंस पेश नहीं कर पाया। पुलिस को मौके से चार डिब्बियां हरबल फ्लेवर की बरामद हुईं। पुलिस ने हुक्के और फ्लेवर को कब्जे में लेकर मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हुक्के और फ्लेवर को लैब में जांच के लिए भेजेगी।