गणतंत्र दिवस को देखते हुए एंटी-सबोटाज टीम, क्राइम ब्रांच, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने की संयुक्त तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से वीरवार को सेक्टर-1 स्थित कोर्ट परिसर में अचानक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसका मकसद संभावित खतरे की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल परखना था।
ड्रिल में एंटी-सबोटाज टीम, क्राइम ब्रांच की टीमें, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस पूरी तरह तैनात रहीं। सुरक्षा कारणों से कोर्ट परिसर और सभी कोर्ट रूम अस्थायी रूप से खाली करवाए गए।
दोपहर 1:30 बजे शुरू हुई मॉक ड्रिल करीब 3 बजे समाप्त हुई। इस दौरान टीमों ने कोर्ट परिसर के अंदर और बाहर गहन तलाशी अभियान चलाया। बम निरोधक दस्ते ने आधुनिक उपकरणों से हर कोने की जांच की, डॉग स्क्वॉड ने संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की, और फायर ब्रिगेड तथा एम्बुलेंस की टीमें आपात स्थिति के लिए तैयार रहीं।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और घबराएं नहीं। ड्रिल के सफल समापन के बाद कोर्ट की नियमित कार्यवाही पुनः शुरू कर दी गई। पुलिस प्रशासन ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जिले में सुरक्षा कड़ी की जाएगी और इस तरह की मॉक ड्रिल नियमित रूप से आयोजित होती रहेंगी।