संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रविवार को अलग-अलग स्थानों से नशा तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राकेश कुमार मोहाली निवासी के रूप में हुई है। आरोपी के पास से 1.130 किलो चूरापोस्त बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पिंजौर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल ने हेरोइन सहित आरोपी को किया गिरफ्तार
एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने रविवार को गश्त कर आरोपी राहुल कुमार गांव नग्गल कालका निवासी को 5.81 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना कालका में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर 1 दिन का पुलिस रिमांड लिया है।
बरवाला में 3.10 ग्राम हेरोइन सहित आरोपी को किया काबू
बरवाला में एक व्यक्ति को चंडीमंदिर थाना पुलिस की टीम ने 3.10 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राज कुमार उर्फ बौदी बरवाला निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रविवार शाम को चंडीमंदिर थाना पुलिस की टीम गश्त करते हुए बरवाला अनाज मंडी के समीप मौजूद थी। उसी दौरान एक व्यक्ति बाइक पर आता हुआ दिखाई दिया। उसने जैसे ही सामने पुलिस को देखा तो वापस मुड़कर जाने लगा। पुलिस कर्मियों को व्यक्ति को शक हुआ और व्यक्ति को तुरंत काबू किया गया। उसके बाद युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।