चंडीगढ़। लगातार दूसरे दिन चंडीगढ़ में हवा का स्तर खराब दर्ज किया गया है। सेक्टर-25 में रात नौ बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 231 दर्ज किया गया है, जो खराब की श्रेणी में आता है। यह स्थिति दिवाली से एक दिन पहले की है। यदि इस बार भी पिछली बार की तरह पटाखे फोड़े गए तो चंडीगढ़ की हवा का स्तर बेहद खराब की श्रेणी में चला जाएगा। विशेषज्ञों के मुताबिक, दिवाली की रात एक बजे से सुबह छह बजे तक हवा सबसे अधिक जहरीली रहने की आशंका है। 28 व 29 अक्तूबर को स्थिति सबसे ज्यादा खराब रहने वाली है।
एक्यूआई 0 से 50 के बीच होने पर ‘अच्छा’ होता है, जबकि 51 से 100 के बीच होने पर ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच होने पर उसे ‘गंभीर’ समझा जाता है। बताया जा रहा है कि इन दिनों में पारा गिरने से पॉल्यूशन बढ़ने लगता है। दूसरी तरफ पराली जलना बंद नहीं हुई है। इससे शनिवार को कई जगह पीएम 2.5 की मात्रा 340 से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि इसकी तय लिमिट 60 माइक्रोग्राम क्यूबिक मीटर होती है। पीएम 2.5 के कण काफी छोटे होते हैं, जो अन्य कणों के मुकाबले ज्यादा खतरनाक हैं।
आतिशबाजी का समय रात आठ से दस बजे तक
पिछले दिनों हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि ट्राइसिटी में आतिशबाजी का समय सिर्फ दो घंटे का निर्धारित किया गया है। रात आठ से दस बजे तक ही आतिशबाजी कर सकते हैं। हाईकोर्ट ने साफ कहा है कि इस नियम को लागू करने की जिम्मेदारी पुलिस की है। इसके लिए पुलिस ने भी कमर कस ली है। पुलिस का कहना है कि यदि तय समय के इधर-उधर किसी ने पटाखे फोड़े तो उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कितना रहा प्रदूषण
प्रदूषण अधिकतम न्यूनतम औसत
पीएम 2.5 341 141 231
पीएम 10 195 110 195
एनओ2 12 06 09
सीओ 78 30 40