पंचकूला। सीनियर नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में देश के नामचीन खिलाड़ियोें के बीच रोमांचक संघर्ष का आगाज शनिवार से होगा। पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में टेबल टेनिस खिलाड़ी पद्मश्री शरथ कमल, जी साथियन और हरमीत देसाई अपनी चुनौती रखेंगे। सीनियर नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप के इस मुकाबले में करीब दो सौ टीटी खिलाड़ियों के मध्य मुकाबला होगा। चैंपियनशिप में युवा खिलाड़ियों का भी दमखम देखने को मिलेगा। ढाई लाख रुपये की इनामी राशि वाली इस चैंपियनशिप पर हर खिलाड़ी की नजर टिकी है।
इस चैंपियनशिप के माध्यम से खिलाड़ी दोहा मेें 3-6 मार्च तक होने वाली डब्ल्यू टीटी कंटेंडर, 8-13 मार्च तक होने वाली स्टार कंटेंडर के लिए खुद को तैयार कर सकेंगे। इसके साथ ही द वर्ल्ड सिंगल्स और एशियन ओलंपिक क्वालिफिकेशन के लिए भी यह एक बड़ी प्रतियोगिता साबित होगी। इस चैंपियनशिप में शरथ कमल को पहली और साथियन को दूसरी वरीयता दी गई है। शरथ को 42 दिन के नेशनल कैंप का लाभ मिल सकता है। मैनेजर एन. गणेशन का कहना है कि इस टूर्नामेंट में डीएचएस डीजे 40 प्लस बॉल का इस्तेमाल किया जाएगा। यही बॉल दोहा में होने वाली चैंपियनशिप में प्रयोग की जाएंगी।