पंचकूला। 2024-25 के दौरान पचास प्रतिशत अनुदान पर खरीदे गए कृषि यंत्रों, मशीनों का भौतिक सत्यापन मोबाइल ऐप के माध्यम से राज्य के सभी जिलों में 30 नवंबर को किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि जिले के किसानों की तरफ से पचास प्रतिशत अनुदान पर सुपर सीडर, बेलर, हे-रेक, शर्ब मास्टर मशीनों के लिए ऑनलाइन आवेदन 4 अगस्त 2024 तक भरे गए थे। योग्य पाए गए किसानों की ओर से ऑनलाइन बिल 30 सितंबर 2024 तक जमा करवाए गए थे। जिले में कुल 32 किसानों से बिल प्राप्त हुए हैं जिनमें 28 सुपर सीडर और चार शर्ब मास्टर मशीनों के हैं।
इन सभी कृषि यंत्रों का भौतिक सत्यापन 30 नवंबर 2024 को उपायुक्त की ओ से गठित कमेटी करेगी। इसके तहत अनाज मंडी बरवाला में सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे के बीच मोबाइल ऐप के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद किसी भी किसान को भौतिक सत्यापन का अतिरिक्त मौका नहीं दिया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि लाभार्थी किसानों को अपनी मशीन पर पक्के पेंट से अपना नाम, पिता व पति का नाम, गांव का नाम और सीआरएम वर्ष 2024-25 के तहत अनुदान पर प्राप्त मशीन के मेन फ्रेम पर बड़े-बड़े अक्षरों में साफ-साफ लिखना होगा। लाभार्थी किसान का खुद मौके पर हाजिर होना अनिवार्य है।