पंचकूला। हरियाणा एड्स कंट्रोल सोसाइटी ने बुधवार को जिला स्तरीय रेड रन का आयोजन किया। पांच किलोमीटर रेड रन मैराथन छात्र और छात्राओं के लिए अलग अलग आयोजित की गई। रेड रन प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय पंचकूला सेक्टर-1 के छात्र प्रथम नितिन और छात्रा जैसमीन कौर ने प्रथम स्थान हासिल किया। रेड रन सेक्टर -5 निर्झर वाटिका से शुरू होकर स्लिप नाइट फूड स्ट्रीट, निक बेकर्स से होते हुए दो राउंड में निर्झर वाटिका में पूरी हुई। इसमें पंचकूला के सभी महाविद्यालय और आईटीआई के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसका आयोजन एचआईवी एड्स बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किया गया।
छात्राओं में सांत्वना पुरस्कार चतुर्थ एवं प्रथम स्थान भी यूथ रेडक्रॉस वॉलंटियर्स नेहा और प्रीति ने प्राप्त किया। पीजी कॉलेज सेक्टर-1 की प्राचार्या शैलजा छाबड़ा, स्टाफ सदस्यों ने यूथ रेड क्रॉस काउंसलर डॉ. राकेश पाठक तथा चारों रेड क्रॉस वॉलंटियर्स विजेताओं को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। रेडक्रॉस काउंसलर डॉ. राकेश पाठक ने बताया कि प्रथम स्थान विजेता नितिन और जैसमीन कौर राज्य स्तरीय रेड रन मैराथन प्रतियोगिता में भाग लेंगे।