चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कार्यालय में जीत का जश्न मनाया। आप नेताओं ने इस जीत को मुख्यमंत्री भगवंत मान व राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के ईमानदार नेतृत्व के पक्ष में स्पष्ट जनादेश बताया। नेताओं ने कहा कि यह फैसला आप के जन-हितैषी शासन और प्रगतिशील बदलाव के मॉडल में पंजाब के अटूट विश्वास को दर्शाता है।
आप पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब के लोगों ने एक बार फिर कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल को नकार दिया है। राष्ट्रीय पार्टियां भाजपा-कांग्रेस तो अपनी जमानत तक नहीं बचा पाईं। लोगों ने कांग्रेस की बार-बार की जा रही समाज विरोधी और असंवेदनशील टिप्पणियों के खिलाफ अपने गुस्से के कारण ऐतिहासिक जनादेश के साथ जवाब दिया।
आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि पंजाब की जनता अब दिल्ली या हरियाणा से आयातित नेताओं के दिखावे से प्रभावित नहीं होती। यह जीत मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार के जनहित कार्यों की सशक्त मुहर और अरविंद केजरीवाल की ईमानदारी की राजनीति की गूंज है। यह जीत पंजाब की जनता का बीजेपी और कांग्रेस दोनों को करारा जवाब है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह तरनतारन में एक दिन प्रचार करने आए लेकिन जनता ने उन्हें बता दिया कि अब कांग्रेस और बीजेपी के बहकावे में नहीं आएंगे। नतीजा यह हुआ कि बीजेपी प्रत्याशी की जमानत तक जब्त हो गई।
आप के प्रदेशाध्यक्ष अमन अरोड़ा, कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, हरदीप सिंह मुंडियां और बरिंदर गोयल ने कहा कि यह जीत पिछले साढ़े तीन साल में मान सरकार द्वारा किए गए कामों पर तरनतारन के लोगों की मुहर है। कांग्रेस और भाजपा जो महीनों से झूठा प्रचार कर रही थीं उनकी जमानत जब्त हो गई। इससे साबित होता है कि पंजाबियों ने उन्हें पूरी तरह से खारिज कर दिया है। कार्यकारी अध्यक्ष शैरी कलसी का कहना है कि यह जीत दर्शाती है कि लोग मान सरकार के साथ मजबूती से खड़े हैं।
तरनतारन सीट से विजेता विधायक हरमीत सिंह संधू ने भरोसा दिलाया कि वे हलके के विकास के लिए दिन-रात काम करेंगे और हर लंबित व भविष्य के काम को प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
आप पंजाब के महासचिव और पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट ने कहा कि आप इस ऐतिहासिक जीत में योगदान देने वाले हर मतदाता, कार्यकर्ता और समर्थक का दिल से धन्यवाद करती है।