बरवाला।कस्बे व क्षेत्र के लोग आजकल मक्खियों की भरमार की समस्या को लेकर काफी परेशान है। इसके चलते लोगों का खाना-पीना व अपने घरों आदि स्थानों पर रहना भी दुश्वार होकर रह गया। गांव बतौड़ के पूर्व सरपंच व समाजसेवी लक्ष्मण दास, कुलभूषण शर्मा बरवाला, पंचायत सदस्य सतपाल राणा, रामकुमार, हेम सिंह राणा, किसान संघ के अध्यक्ष गोपाल राणा खटौली, नेपाल सिंह, सतविंदर राणा, विकास कुमार बरवाला सहित अन्य ने बताया कि बरवाला-भरेली सड़क मार्ग पर स्थित पोल्ट्री फार्मों में सफाई के अभाव के चलते व गंदगी की समस्या बढ़ने से मक्खियों की समस्या की भरमार काफी ज्यादा बढ़ रही है।
पोल्ट्री फार्म संचालकों की ओर से मक्खियों के फीड में मिलाई जाने वाली मक्खी मार दवाई का प्रयोग भी नहीं किया जा रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन व संबंधित विभाग के अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि अगर जल्द ही मक्खियों के समस्या का समाधान नहीं हो पाया तो क्षेत्र के लोग पोल्ट्री फार्मों पर जाकर सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी सरकार व जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागों की होगी।
साफ-सफाई के निर्देश दिए है
सभी पोल्ट्री फार्म के चालकों को अपने-अपने पोल्ट्री फार्मों में साफ-सफाई, मक्खी मार दवाई का नियमित छिड़काव, मुर्गी की फीड़ में मिलाई जाने वाली दवाई का उचित प्रयोग करने आदि के बारे में निर्देश दिए गए हैं। ताकि लोगों को पोल्ट्री फार्म से होने वाली समस्या का सामना न करना पड़े।- दर्शन सिंगला, पोल्ट्री एसोसिएशन प्रधान
समस्या का समाधान करवाया जाएगा
जल्द ही डीपीओ बरवाला, रायपुररानी व डॉक्टरों की टीमों को आदेश देकर जल्दी पोल्ट्री फार्मों का निरीक्षण करवाकर मक्खियों की समस्या का समाधान करवाया जाएगा।- विशाल पाराशर, डीपीओ पंचकूला