चंडीगढ़। इंडस टावर्स लिमिटेड की सुरक्षा की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने केंद्रीय गृह सचिव, दूरसंचार सचिव, हरियाणा के मुख्य व गृह सचिव, डीजीपी हरियाणा समेत विभिन्न जिलों के एसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
कंपनी ने याचिका में हाईकोर्ट को बताया कि हरियाणा में मोबाइल टावर लगाने के दौरान टावरों व कंपनियों के कर्मचारियों को सुरक्षा का खतरा है। कंपनी ने आवश्यकता के अनुसार हरियाणा राज्य में नेटवर्क को मजबूत करने के लिए हिसार, सिरसा और फरीदाबाद व अन्य जिलों उपयुक्त टावर साइट ढूंढी हैं। इसके लिए कंपनी ने टेलीकॉम और कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर पॉलिसी 2017 अनुरूप अथॉरिटी से अनुमति भी ले ली है। जब भी याचिकाकर्ता कंपनी की टीम काम शुरू करने के लिए साइट पर जाती है तो कुछ स्थानीय निवासी व असामाजिक तत्व बाधा उत्पन्न करते हैं। इस बाबत जिलों के पुलिस प्रमुख से सहायता भी मांगी गई लेकिन पुलिस उनकी सहायता करने में विफल रही है व कंपनी के कर्मचारियों पर हमले हो रहे हैं व धमकी मिल रही हैं। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने केंद्रीय गृह व दूरसंचार सचिव, हरियाणा के मुख्य व गृह सचिव, डीजीपी समेत अन्य को नोटिस जारी कर 9 जनवरी तक जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।