मूर्ति का अनावरण करते विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता।
- फोटो : PKL OFFICE
बरवाला। कस्बा बरवाला के बस स्टैंड पर रविवार को ग्राम पंचायत ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण किया। इस दौरान आयोजित विकास उत्सव कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत कर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की मूर्ति का विधिवत रूप से अनावरण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे वीर योद्धा के बताए गए मार्ग पर चला चाहिए। इस अवसर पर सरपंच बलजिन्द्र गोयल ने कहा कि ग्राम पंचायत का पांच साल का कार्यकाल पूरा होने पर विकास उत्सव कार्यक्रम के दौरान हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता का फूलमालाएं व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। उन्होंने ग्राम पंचायत द्वारा पांत साल में कस्बे में करवाए गए विकास कार्य गिनवाए। अध्यक्ष ने पंचायत द्वारा करवाए गए कार्यों की सराहना की। वहीं सरपंच ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष के सामने कुछ समस्याएं व मांगें भी रखीं। इसमें बस स्टैंड की सड़कों पर सौंदर्यीकरण के लिए लगाई गई बंद पड़ी लाइटों को चालू करवाने, कस्बे में सीवरेज डलवाने सहित कई मांगें रखीं। विधानसभा अध्यक्ष ने जल्द मांगे पूरा करवाने का आश्वासन दिया।
बस अड्डे के पास कार्यक्रम करने से लोग हुए परेशान
विकास उत्सव कार्यक्रम के आयोजन के चलते बस स्टैंड के सामने से गुजरने वाले वाहन चालकों व यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। कार्यक्रम के दौरान बस अड्डे पर बसों का आवागमन पूरी तरह से कई घंटे बंद रहा। इसके चलते पंचकूला, चंडीगढ़, नारायणगढ़ व शहजादपुर आदि शहरों के लिए बस सुविधा लेने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा और वे बस सुविधा के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर रहे। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि अगर ग्राम पंचायत को विकास उत्सव कार्यक्रम करना था तो कस्बे के किसी सामुदायिक केंद्र में करना चाहिए था न कि बरवाला बस अड्डे की सड़क पर। कार्यक्रम के दौरान काफी संख्या में भाजपा के नेता, कार्यकर्ता, कई सरकारी विभागों के कर्मचारी, ग्रामीण तथा भारी पुलिस बल मौजूद रहा।