माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। कलेक्टर रेट अपडेट नहीं होने के कारण जिले की पांच तहसीलों में रजिस्ट्री का काम नहीं हो सका। दूसरे दिन भी सभी जगह लोग भटकते रहे। तीन तहसील पंचकूला, कालका, रायपुररानी और दो उप तहसील मोरनी और बरवाला में लोग भटकते रहे। इसमें दूसरे दिन भी करीब दो सौ रजिस्ट्री नहीं हो सकी है। अब तक दो दिन में चार सौ रजिस्ट्री का काम पेडिंग है। इस कारण लोग परेशान रहे।
शहर के सेक्टर-1 स्थित पंचकूला की तहसील ऑफिस में रजिस्ट्री का काम दूसरे दिन ठप रहा। नए कलेक्ट्रेट रेट अपलोड न होने की वजह से लोगों को चक्कर लगानी पड़ी। सर्वर डाउन होने की वजह से मंगलवार को देर शाम तक साॅफ्टवेयर अपडेट नहीं हुआ, जिसकी वजह रजिस्ट्री के लिए आए हुए लोगों को बिना काम हुए खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। जमीन की रजिस्ट्री के अलावा जनरल पाॅवर ऑफ अटार्नी, संपत्ति अधिकृत व अन्य कार्य बंद रहें। दो दिनों तक रजिस्ट्री का कार्य बंद होने की वजह से ईग्रास साइट से स्टांप खरीदारी करने काम बंद रहा। रजिस्ट्री के लिए शुक्रवार को जमा हुई फाइलों का काम बुधवार से होने की संभावना है। लेकिन नए कलेक्ट्रेट रेट लागू होने से अब उन फाइलों में नए रेट के हिसाब से स्टांप खरीदकर कीमत पूरा करना होगा। अगर जिस फाइल पर स्टांप पूरे नहीं होंगे उसका रजिस्ट्री का काम रुक जाएगा।
रजिस्ट्री काउंटर रहा खाली
सोमवार से रजिस्ट्री का काम बंद होने की वजह से इसका असर मंगलवार को देखने को मिला। सुबह 10 बजे ही रजिस्ट्री काम के काम से आना तो शुरु किया, लेकिन सर्वर बंद होने की वजह से काम ठप रहा। एक दिन में 30 से 40 रजिस्ट्री का काम न होने पर अब बुधवार को साइट का काम पूरा करने की संभावना है। रजिस्ट्री काउंटर और फाइल काउंटर पर लोगों की भीड़ नही रही। दिनभर नए कलेक्ट्रेट रेट अपलोड करने के लिए मीटिंग चलती रही। तहसीलदार के साथ विभाग के अन्य अधिकारी मीटिंग करते रहें लेकिन देर शाम तक भी सर्वर ठीक नहीं हो सका।
नए रेट से अदा करना होगा स्टांप की कीमत
रजिस्ट्री के लिए आने वाले लोगों को अब नए कलेक्ट्रेट रेट के हिसाब से स्टांप की कीमत अदा करना होगा। शुक्रवार जो फाइलें रजिस्ट्री के लिए जमा की गई है, उन फाइलों पर नए कलेक्ट्रेट रेट से स्टांप जमा करना होगा। रजिस्ट्री के लिए सुरेश जांगड़ा ने बताया कि काम नहीं होने कारण परेशानी हुई है। इसके लिए अब दोबारा आना पड़ेगा। रजिस्ट्री के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले साॅफ्टवेयर में सर्वर ठीक न होने की वजह से अपडेट नहीं हो सका। नए कलेक्ट्रेट रेट अपलोड करने की कई बार कोशिश बेकार रही। सर्वर ठीक होते नए रेट लिस्ट अपलोड करने के बाद ही नए कार्य किए जाएंगे।
रजिस्ट्री के काम को शुरू करने के लिए सॉफ्टवेयर अपडेट किया जा रहा है। इसमें संभावना है कि बुधवार से रजिस्ट्री शुरू हो सकती है। कलेक्टर रेट को सभी तहसीलों में अपडेट किया जा रहा है। - मोनिका गुप्ता, डीसी, पंचकूला