गांव जयसिंहपुरा में खोली गई राशन डिपो पर राशन लेने वालों की कतार।
राशन वितरण की प्रक्रिया में सुधार की मांग ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। नगर निगम के वार्ड नंबर 18 के अंतर्गत आने वाले लोगों के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा उचित मूल्य की सरकारी दुकान गांव जयसिंहपुरा में खोली गई है जिसमें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत गेहूं, चीनी व सरसों का तेल आदि खाद्य सामग्री दी जाती है। यह खाद्य सामग्री लेने के लिए लोगों को लाइनों में सुबह से ही लगना पड़ता है। राशन लेने के लिए छोटे बच्चों सहित महिलाओं को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
सरकार द्वारा जारी किए गए आदेश कि कोई भी कार्ड धारक किसी भी डिपो से सामान ले सकता है। इसके चलते लोगों में भय बना रहता है कि कहीं राशन डिपो पर खत्म न हो जाए इसलिए उन्हें लंबी लाइनों में लगना पड़ता है। सरकार डिपो होल्डर को उतना ही राशन भेजती है जितने उसके पास राशन कार्ड दर्ज होते हैं लेकिन इस योजना के तहत अन्य स्थानों पर से आकर बहुत से लोग सामान ले जाते हैं जिससे स्थानीय लोग राशन से वंचित रह जाते हैं। विभाग द्वारा दी गए मशीन जिसमें हर सामान के लिए अंगूठा लगाने की भी प्रक्रिया को तीन बार दोहराना पड़ता है। इसमें काफी समय लग जाता है। पहले एक बार अंगूठा लगाने पर ही सारा सामान मिल जाता था। कई बार इन मशीनों का सर्वर भी डाउन हो जाता है जिससे समस्या और भी गंभीर बन जाती है । राशन लेने के लिए आई ज्योति ने बताया कि राशन लेने के लिए उन्हें स्कूल से छुट्टी करनी पड़ी है । इस लाइन में बुजुर्ग व बीमार लोगों की हालत देखने लायक बन जाती है। लोगों का कहना है कि सरकार राशन वितरण की प्रक्रिया में सुधार करें जिससे लोगों को कोई परेशानी ना हो सके ।
कुछ लोग बिना राशन के रह जाते हैं
उनके पास करीब 17 सौ राशन कार्ड दर्ज हैं और वह सभी को राशन वितरित करते हैं। आसपास के क्षेत्र से भी राशन ले जाते हैं जिससे कुछ लोग बिना राशन के रह जाते हैं।9 डिपो होल्डर उर्मिला देवी