माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जून में गर्मी की छुट्टियों और अप्रैल में शादियों की वजह से ट्रेनों में सीटें आरक्षित करवाने की होड़ लग गई है। रेलवे के अनुसार चंडीगढ़ से उत्तर-प्रदेश के विभिन्न शहरों और बिहार की ट्रेनों में सीटें बहुत तेजी से आरक्षित हो रही हैं। चंडीगढ़ से जाने वाली नेताजी एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस सहित सभी ट्रेनों में अभी से वेटिंग बढ़ रही है। इन सभी ट्रेनों में वेटिंग सौ के पार पहुंच गई है। इसमें अप्रैल के बाद मई में वेटिंग 50 के पार नजर आ रही है। वर्तमान में लोगों को तीन से चार दिन के अंतराल पर स्लीपर में कंफर्म सीट नहीं मिल रही है। एसी की टिकट के हालात भी यही हैं।
यहां पर्यटकों के लिए भी मुश्किल हो रही है। ट्रेनों की सीटें नहीं मिलने के कारण यह हालात बने हैं। ट्रेनों के टिकट की बुकिंग कराने आए सुनील सिंह ने बताया कि गोरखपुर जाने के लिए ट्रेनों की टिकट कंफर्म नहीं मिल रही है। इस कारण घर जाने के लिए मुश्किल हो रही है। कोलकाता जाने वाली नेता जी एक्सप्रेस की टिकट भी लोगों को कंफर्म नहीं मिल रही है। वहीं तुरंत जाने वाले लोगों को तत्काल में भी वेटिंग मिल रही है। पंचकूला डीआरएम अंबाला डिवीजन मंदीप सिंह भाटिया ने बताया कि छुट्टी को लेकर लोग टिकट की बुकिंग अधिक कर रहे हैं। आने वाले समय में अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।