एरोसिटी में घर के ताले तोड़कर नकदी व गहने चोरी
जीरकपुर। एरोसिटी के ब्लॉक नंबर-एच में रहने वाले सेवानिवृत्त एयरफोर्स कर्मी के बंद मकान के ताले तोड़कर नकदी चोरी का मामला सामने आया है। जिस वक्त घर में चोरी हुई उस वक्त घर में कोई नहीं था। मामले की शिकायत जीरकपुर पुलिस को दी गई। पुलिस को दी शिकायत में शिवजी प्रसाद ने बताया कि वह एरोसिटी ब्लॉक एच के मकान नंबर 7366 में किराए पर रहते है और एरोसिटी ब्लॉक एच में ही उसका मकान बन रहे हैं। उनका बेटा आर्मी में मेजर है और एक महीने की छुट्टी पर आया था। वह लेबर को देने के लिए 75 हजार रुपये कैश देकर 11 अप्रैल को वापस ड्यूटी पर चला गया था। इसी दिन उसकी पत्नी सुनीता यादव भी अपने रिश्तेदार के घर चली गई थी। अपनी पत्नी के जाने के बाद वह घर को ताला लगाकर बन रहे मकान में जाकर सो गए। जब वह अगले दिन अपने किराए वाले मकान में गया तो वहां दरवाजे के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा हुआ था। चोर उसके घर से 75 हजर रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गया है। पुलिस शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।