संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। जिले के सुजानपुर-जुगियाल रोड की लंबे समय से खराब हालत को लेकर लोगों ने चौक वाला खूह जाम कर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट रविंद्र सिंह ठाकुर, बक्शी सिंह मोना, कामरेड नाथ सिंह डडवाल, जसवंत सिंह रानीपुर, जगमोहन जगा, नसीब सिंह, ज्ञान चंद लूमबा ने कहा कि यह सड़क पिछले 15 वर्षों से खस्ताहाल है। इस संबंध में वह कई बार डीसी पठानकोट और एसडीओ मंडी बोर्ड से भी मिले हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसलिए उन्होंने यह सड़क जाम की है।
इस सड़क के टूटने के कारण बारिश के दिनों में अक्सर यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही इस सड़क का समाधान नहीं किया गया तो वह संघर्ष तेज करेंगे। वहीं, धरने में पहुंची तहसीलदार दिव्या सिंगला ने कहा कि सड़क मंजूर हो चुकी है। इसका टेंडर लगना अभी पेंडिंग है तथा जल्द ही संघर्ष समिति के साथ जिला प्रशासन की बैठक कराई जाएगी।