पंचकूला। सेक्टर-नौ में वीरवार को निजी कंपनी के कर्मचारी कूड़ा उठाने गए तो जो लोग इस कंपनी से पहले निजी स्तर पर घरों का कूड़ा एकत्रित करते थे उन्होंने मारपीट की। इस मामले में कंपनी के कर्मचारियों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-पांच थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में आशीष कुमार और नरेंद्र ने बताया कि वह दोनों पूजा कॉन्सुशन कंपनी में बतौर वाहन चालक और हेल्पर नौकरी करते हैं। उनकी कंपनी को नगर निगम ने डोर टू डोर गीला और सुखा कचरा उठाने का ठेका दिया हुआ है। वीरवार को दोनों लोगों के घरों से कचरा उठाने के लिए सेक्टर-नौ में गए थे। इसी दौरान जो लोग पहले लोगों के घरों का कचरा उठाते थे उनमें आरोपी संदीप, चापा और उनके साथ कुछ लोग पहुंच गए और उनको घरों से कचरा उठाने के लिए मना करने लगे। उन्होंने आरोपियों का विरोध किया तो उन्होंने हम दोनों के साथ मारपीट की और वहां से चले गए। इसके बाद उन्होंने मारपीट की शिकायत पुलिस को दी।