अधिकारी बोले- कौशल्या डैम से पानी आने के बाद ही समस्या का हो सकता है निदान, पाइन लाइन बिछाने में दो माह का लगेगा समय
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। शहर में पेयजल आपूर्ति की कमी और लो प्रेशर की समस्या दो माह से पहले हल नहीं होगी। कौशल्या डैम से शहर तक पाइप लाइन डालने के टेंडर अभी जारी नहीं हुए हैं। अगर प्रक्रिया तेजी के साथ पूरी की जाए तो कम से कम दो माह लग जाएंगे। अगर इसमें अधिकारियों की तरफ से लेटलतीफी की जाती है तो ज्यादा समय लग सकता है। शहर के सेक्टर-15 में करीब डेढ़ माह से पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं चल रही है। हालत इतनी खराब है कि करीब एक माह पहले सेक्टरवासियों को विरोध प्रदर्शन करना पड़ा, तब भी अधिकारियों ने कहा था कि कौशल्या डैम से पानी आने के बाद कमी दूर हो जाएगी। सेक्टर-2, सेक्टर-4, सेक्टर-19, सेक्टर-25, सेक्टर-26, सेक्टर-27 और नाडा गांव सहित कई सेक्टरों में लो प्रेशर की परेशानी से लोग दो चार हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि पहली मंजिल पर भी पानी नहीं पहुंच रहा है। उसके लिए मोटर का प्रयोग करना पड़ रहा है।
पानी सप्लाई के तय समय में कटौती की जा रही है। कई दफा लाइट चली जाने के कारण भी पानी की सप्लाई नहीं मिलती। बिजली कट के लिए भी कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती है। पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है। - धर्म सिंह हीरा, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, सेक्टर-26
हर रोज लोग शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। अधिकारियों को भी बता कर थक-हार चुके हैं। लोगों के ग्राउंड फ्लोर पर भी पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रही है। घरों की टंकियां खाली पड़ी हैं। अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं, पेयजल सप्लाई नहीं दी जा रही। - सुनील वशिष्ठ, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, सेक्टर-15
गर्मी के मौसम में पर्याप्त पानी नहीं मिलने के भारी परेशानी होती है। सप्लाई आती तो है, मगर बहुत कम दबाव होने के कारण लोगों की टंकियों में नहीं चढ़ पाता है। इस बारे में अधिकारियों को अवगत कराया गया है, मगर कोई सुनवाई नहीं की जा रही। -संजीव गोयल, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, सेक्टर- 25
जल्द ही कौशल्या डैम से पाइप लाइन की टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें दो माह का समय लग सकता है। पाइप लाइन डालने के बाद पर्याप्त पानी मिल सकेगा, जिससे शहर में कहीं भी पानी की कमी नहीं रहेगी। - एनके पायल, एक्सईएन, एचएसवीपी