पेंशनर्स से जुड़े मुद्दों और उनकी समस्याओं का होगा निवारण
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब के छह जिलों में 21 नवंबर को पेंशनर्स अदालत लगाई जाएगी। इस बारे में वित्त एवं राजस्व विभाग की ओर से 6 जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को सूचना जारी कर दी है।
इसके अलावा पंजाब स्टेट खजाना पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन रजिस्टर्ड को भी जानकारी साझा कर दी है। पंजाब में पेंशनरों की दिक्कतों को दूर करने के लिए सरकार ने अहम फैसला लिया है। इन 6 जिलों में लगने वाली पेंशनर्स अदालत में पहुंचकर लाभार्थी अपनी पेंशन से जुड़ी समस्या, कोई अपडेशन या किसी अन्य प्रकार के त्रुटि को दूर करने के लिए आ सकते हैं।
सरकार से मिली जानकारी के मुताबिक डिप्टी कमिश्नर अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, फिरोजपुर, लुधियाना व पटियाला में पेंशन अदालतें लगाई जाएंगी। पेंशन अदालत संबंधी अधिक से पेंशनर जान पाएं, इसके लिए सरकार पंजाब स्टेट खजाना पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशनों के दफ्तरों को भी पत्र जारी कर दिया है। यह अदालत इंडियन ऑडिट एंड अकाउंट डिपार्टमेंट के सहयोग से लगाई जा रही हैं। पंजाब सरकार के साढ़े छह लाख से अधिक पेंशनर हैं। इनकी संख्या हर साल बढ़ रही है।
सरकार की तरफ से दिवाली के मौके पेंशनरों के महंगाई भत्ते में चार फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। अब यह भत्ता 38 से बढ़कर 42 फीसदी हो गया है। सरकार ने दावा किया है एक नवंबर से महंगाई भत्ता दिया जाएगा।