मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल में अव्यवस्था का आलम, दिनभर मरीज रहे परेशान
इमारत में चल रहा काम, बिना फायर एनओसी के जांचे जा रहे मरीज
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शहर के सेक्टर-6 सिविल अस्पताल का पीडियाट्रिक वार्ड और दवाखाना मरीजों को जानकारी दिए बिना ही वीरवार को मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। जानकारी नहीं होने के कारण मरीज और तीमारदार दो घंटे तक भटकते रहे। इस कारण उन्हें इलाज में देरी हुई। जब मरीजों की परेशानी की जानकारी मिली तो दोपहर करीब एक बजे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने नोटिस लगाकर पीडियाट्रिक ओपीडी और दवाखाना शिफ्ट होने नोटिस चस्पा किया। मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल में अव्यवस्था का आलम बना हुआ है। इस अस्पताल में इमारत का काम चल रहा है। वहीं बिना फायर एनओसी के मरीज जांचे जा रहे हैं। एसी और पंखे न चलने के कारण गर्भवती महिलाएं और बच्चे परेशान हैं।
मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल में गायनी की ओपीडी पहले ही शिफ्ट हो चुकी है। वीरवार को पीडियाट्रिक वार्ड और दवाखाना भी शिफ्ट कर दिया गया। यहां दवाओं की एंट्री रजिस्टर में की जा रही है। साथ ही अस्पताल में ओपीडी के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर नहीं बनाए गए हैं। इस कारण पुराने अस्पताल में ही लोगों की ओपीडी की पर्ची बन रही है। इस गर्मी में मरीजों से खूब भागदौड़ कराई जा रही है।
पीडब्ल्यूडी विभाग ने नहीं पूरा किया सिविल वर्क
मदर एंड चाइल्ड केयर की इमारत 113 करोड़ रुपये से बनाई गई है। इसमें पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से फायर एनओसी मांगी जा रही है। अभी तक इसका काम पूरा नहीं किया गया है। अस्पताल में आने के लिए छह फुट का रास्ता नहीं बना है। वहीं पेड़ की कटाई का काम पूरा नहीं है।
बच्चे को दिखाने में परेशानी हुई
रजिस्ट्रेशन कराने के बाद पुराने अस्पताल में पीडियाट्रिक वार्ड में गए तो ओपीडी लॉक थी। इसके बाद मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल में इलाज के लिए गए। जहां कूलर और पंखे के बुरा हाल हो गया।
दीक्षा, निवासी रामगढ़
नई इमारत में बनाएं जाएं काउंटर
रजिस्ट्रेशन कराने के बाद जब ओपीडी में आए तो पता चला ओपीडी शिफ्ट हो गई है। इस कारण इलाज के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। रजिस्ट्रेशन काउंटर नई इमारत में बनाया जाया, ताकि मरीजों की परेशानी न हो।
पूजा मिश्रा, निवासी मनीमाजरा
शिफ्ट होने की सूचना दी जा सकती थी
दवाखाना शिफ्ट करने से पहले स्वास्थ्य विभाग की ओर से सूचना दी जा सकती थी। पहले जानकारी न मिलने के कारण परेशानी हुई। दवा के लिए बिना पंखे लाइन में लगना पड़ा। कंप्यूटर सिस्टम न होने के कारण रजिस्टर में दवाओं की एंट्री में भी समय लग रहा है।
संतराम, निवासी सेक्टर -12 रैली
एक घंटे बाद ओपीडी पहुंचे
रजिस्ट्रेशन काउंटर पर गायनी वार्ड की पर्ची बनवाई है। इसके बाद गायनी वार्ड में गए तो पता चला वार्ड शिफ्ट हो गया है। इस दौरान एक घंटे तक भटकते रहे। सही जानकारी न मिलने के कारण परेशानी हुई है।
-सुखविंदर कौर, निवासी ओल्ड पंचकूला
कोट
अस्पताल की ओपीडी को शिफ्ट किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के साथ मीटिंग कर जल्द काम पूरा करने को कहा है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से ओपीडी सहित सभी व्यवस्थाएं मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल में पूरी की जा रही हैं। लोगों को जल्द सभी सुविधाएं अस्पताल में मिलेंगी।
-डॉ. मुक्ता कुमार, सीएमओ, पंचकूला स्वास्थ्य विभाग