मोहाली, डेराबस्सी और खरड़ में स्टील के बर्तन और पेयजल पहुंचाया
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए पीसीएस रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन भी आगे आई है। एसोसिएशन के एक प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि जीएस बाहिया की अध्यक्षता में बैठक में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद का फैसला लिया गया।
उन्होंने बताया कि सूबा सरकार और जिला प्रशासन मोहाली की ओर से किए जा रहे बाढ़ राहत प्रबंधों में योगदान डालने के लिए सर्वसम्मति से फैसला किया गया है। इसके तहत मोहाली के डीसी ऑफिस को जरूरतमंदों में बांटने के लिए 57000 रुपये मूल्य की स्टील की 500 थालियां और 500 गिलास भेजे गए हैं। इसके साथ ही 20000 रुपये की कीमत के पानी के 220 डिब्बे भी भेजे गए हैं। इसके अलावा एसडीएम डेराबस्सी को 20,000 रुपये कीमत की ओआरएस और जेड एन गोलियां भेजी गई हैं। एसडीएम दफ्तर खरड़ में भी 20000 रुपये की कीमत की बाढ़ राहत संबंधी वस्तुएं भेजी गई हैं।