पंचकूला। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने पुलिस विभाग को छुट्टी के समय स्कूल व काॅलेज के पास पीसीआर खड़ी करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त की अध्यक्षता में वीरवार को सेक्टर-1 लघु सचिवालय के सभागार में नशीले पदार्थों के उपयोग की रोकथाम के लिए जिलास्तरीय एनकोर्ड कमेटी की बैठक हुई। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी शिक्षण संस्थानों व अन्य अधिकारियों से जिले में ड्रग्स का सेवन रोकने के सुझाव मांगे और शिक्षण संस्थानों में एंटी ड्रग्स कमेटी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने ड्रग्स के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूकता शिविर, नुक्कड़ नाटक या सेमिनार के माध्यम से स्कूल व काॅलेज में विद्यार्थियों को जागरूक करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस उपायुक्त को निर्देश देते हुए कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने की ओर विशेष कार्य किए जाएं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं नशामुक्ति अभियान की शुरुआत पंचकूला जिले से की है। उपायुक्त ने पुलिस विभाग द्वारा शुरू किए टोल फ्री नंबर-7087081100 पर मादक पदार्थों की तस्करी और उपयोग से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मादक पदार्थों को जब्त करने औैर अवैध धंधे में संलिप्त लोगों को पकड़ कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि जिले में ऐसे स्थानों को चिन्हित करें जहां नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की संभावना है। नशा करने वाले के अलावा नशा बेचने वाले तक पहुंचने से ही नशे का सेवन रोका जा सकता है।