पंचकूला। सेक्टर-1 के जिला सचिवालय के बाहर बुधवार को पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना देकर प्रदर्शन किया। जिले के सभी कानूनगो और पटवारी काम छोड़कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा और इस हड़ताल के चलते जिला सचिवालय में होने वाले कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इनमें रजिष्ट्री, लोगों के लिए एससी व बीसी सर्टिफिकेट, रेजिडेंट्स सर्टिफिकेट, फर्द और इंतकाल जैसे कई काम शामिल हैं। पटवार एवं कानूनगो के अध्यक्ष भाग चंद ने बताया कि उनकी ओर से लंबित मांगों को लेकर कई बार समस्या का संज्ञान दिलवाया है। लेकिन उनकी लंबित मांगों को लेकर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
यह हैं मुख्य मांगें
जिन पटवारियों की एसीपी पेंडिंग है, उनको एसीपी का लाभ दिया जाए। इनमें भाग चंद पटवारी का प्रमोशन 30 अप्रैल से लंबित है। आज तक प्रमोशन नहीं मिला। जो पे रिवाइज हुई थी, आज तक किसी पटवारी और कानूनगो को उसका एरियर नहीं मिला। उसका लाभ भी जल्द से जल्द दिलवाया जाए। सभी पटवारियों और कानूनगो को एलटीसी का लाभ दिया जाए। क्योंकि पिछले एटीसी पीरियड में कुछ कानूनगो और पटवारियों को लाभ नहीं मिला। ई गिरदावरी का सहायक भत्ता पिछले पांच सालों का बकाया है, उसे दिलवाया जाए। मेडिकल बिल पेंडिंग है, उसे जल्द से जल्द दिलवाया जाए।