पंचकूला। सेक्टर-1 के महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। प्राचार्य डॉ. शैलजा छाबड़ा ने ध्वजारोहण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य एवं कविताएं शामिल रहीं। विशेष आकर्षण महाविद्यालय स्टाफ के बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं, जिन्होंने अपनी बालसुलभ छवि और देशभक्ति की भावना से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। प्राचार्य ने कहा कि आज का दिन हमें केवल स्वतंत्रता का उत्सव ही नहीं, बल्कि कर्तव्यबोध का संदेश भी देता है। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।