चंडीगढ़। भावुक होकर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अपने माता-पिता और शिक्षकों से अपनी गलतियों के लिए क्षमा मांगी। कई विद्यार्थी मंच पर अपने माता-पिता के साथ बिताए पलों को याद कर रो भी रहे थे। अवसर था सेक्टर 26 के एनआईटीटीटीआर के सभागार में रविवार को माता पिता संतान दिवस के आयोजन पर कार्यक्रम का।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत-संगीत पेश किए। होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रस्तुति दी। नाटक और गीत के माध्यम से माता पिता को याद किया गया। सभागार में कई विद्यार्थियों के माता पिता भी आए थे। अपने ही बच्चों का गलतियों के लिए मंच से रो रोकर क्षमा मांगना भी सभी माता पिता भावुक कर रहा था। विद्यार्थियों ने कहा कि किस प्रकार अपनी जिद के कारण अपने माता पिता से झगड़ा करते हैं। जिद करके अपनी बात मनवाते हैं, इससे माता-पिता को काफी दुख पहुंचता है।
आयोजन का उद्घाटन एनआईटीटीटीआर के डायरेक्टर प्रोफेसर एसएस पटनायक ने किया। माता पिता संतान दिवस का आयोजन भगवान देवात्मा मेमोरियल फाउंडेशन और होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज चंडीगढ़ की ओर से हुआ। प्रोफेसर एसएस पटनायक ने सभी को बधाई दी। इस मौके पर होम्योपैथिक कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संदीप पुरी ने सभी का धन्यवाद किया।
भगवान देवात्मा मेमोरियल फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विनोद सी खेड़ा ने विद्यार्थियों को कहा कि सभी को नैतिक रूप से मजबूत होना बहुत जरूरी है। खासकर विद्यार्थियों की इसकी बहुत जरूरी है। पढ़ाई के साथ नैतिक मूल्य भी जरूरी है। उन्होंने कार्यक्रम में आए हुए माता-पिता को कहा कि वे अपने बच्चों से बातें करें। उनके लिए समय निकालें। माता-पिता और बच्चों के बीच बातें नहीं हो रही हैं। इन हालत को बदलना है। उन्होंने सम्मान, दीनता, श्रद्धा और कृतज्ञता के बारे में भी समझाया। उन्होंने दुनिया के कई महान लोगों के जीवन के बारे में जानकारी देकर विद्यार्थियों को समझाया।