पंचकूला। सोमवार से शुरू हुआ पेपरलेस रजिस्ट्री सिस्टम पहले ही दिन तकनीकी खामियों के कारण ठप पड़ गया। तहसील कार्यालय में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। अधिकारी और कर्मचारी खाली बैठे रहे क्योंकि कोई भी दस्तावेज अपलोड नहीं हो पा रहे थे।
डाॅक्यूमेंट राइटर्स ने कई बार खरीदारों और विक्रेताओं के कागजात अपलोड करने का प्रयास किया, लेकिन हर बार सिस्टम पर यूएलबी नाट कनेक्टड का एरर दिखता रहा। इससे रजिस्ट्री करवाने आए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों इंतजार के बाद निराश होकर वापस लौट गए।
लोगों का कहना है कि जब तक नया पेपरलैस सिस्टम पूरी तरह तैयार और स्थिर नहीं हो जाता, तब तक पुराने सिस्टम को जारी रखा जाना चाहिए। डाक्यूमेंट राइटर्स ने भी प्रशासन से आग्रह किया कि तकनीकी सुधार होने तक पुरानी व्यवस्था को अस्थायी रूप से बहाल किया जाए, ताकि रजिस्ट्री कार्य सुचारू रूप से चल सके। मोरनी, कालका और बरवाला में भी रजिस्ट्री ठप रही। प्राॅपर्टी कारोबारी मांग रहे हैं कि दस्तावेजों के उसी दिन पंजीकरण (तत्काल) के प्रावधान का किया जाए।