संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सरस मेला को मिले अभूतपूर्व जनसमर्थन और भारी सफलता को देखते हुए अब इसकी अवधि 23 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। इससे पहले मेला 17 नवंबर को समाप्त होने वाला था।
यह निर्णय डॉ. साकेत कुमार, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं आयुक्त और सचिव, विकास एवं पंचायत तथा वाइस चेयरमैन, कार्यकारी समिति, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा लिया गया है।
सरस मेला सदैव से ग्रामीण स्वरोजगार, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने का प्रमुख मंच रहा है। इस वर्ष भी मेले को जनता द्वारा अत्यधिक प्रेम और समर्थन मिला है, जिसके चलते अधिक से अधिक लोगों तक इस सांस्कृतिक और आर्थिक उत्सव का लाभ पहुंचाने के लिए अवधि बढ़ाई गई है।
मेले में पारंपरिक कला, शिल्प और क्षेत्रीय भोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। विभिन्न राज्यों से पहुंचे शिल्पकार और उद्यमी अपने स्टॉलों के माध्यम से आगंतुकों का आकर्षण बढ़ा रहे हैं।